न्यूनतम मूल्य समर्थन योजना के तहत जनपद में लक्ष्य से 23% अधिक हुई गेहूं खरीद
जनपद में 4093 किसानों को मिला लाभ, 56.28 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान
बलरामपुर 16 जून। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जनपद में विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा खरीद प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए गए, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
जनपद में 30 मार्च 2026 से 15 जून 2026 तक संचालित गेहूं खरीद अभियान के दौरान 4,093 किसानों से कुल 21,607.11 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई। यह जनपद को आवंटित 17,500 मीट्रिक टन के लक्ष्य का 123.47 प्रतिशत है, जो किसानों के बढ़ते विश्वास और प्रशासन की प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
अभियान के दौरान सभी क्रय केंद्रों को सक्रिय रखते हुए उन्हें किसानों के लिए अधिक सुलभ बनाया गया। आवश्यकता के अनुसार मोबाइल क्रय केंद्रों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को भी अपनी उपज बेचने में सुविधा प्राप्त हुई।
इस सफल अभियान के माध्यम से 4,093 किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ मिला तथा उनके खातों में 56.28 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का सीधे भुगतान किया गया। समयबद्ध भुगतान एवं पारदर्शी खरीद व्यवस्था के कारण किसानों में योजना के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसान हित सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए इसी प्रकार प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।
