डीएम ने कोड़री घाट पर कटान रोधी कार्यों का किया निरीक्षण,सतत निगरानी और पर्याप्त सामग्री के स्टॉक के निर्देश

डीएम ने कोड़री घाट पर कटान रोधी कार्यों का किया निरीक्षण,सतत निगरानी और पर्याप्त सामग्री के स्टॉक के निर्देश

कोड़री घाट पर कटान नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण*

कोड़री घाट पर राप्ती के बाएं तट पर कटान स्थिर, कोड़री घाट तटबंध सुरक्षित; लगातार निगरानी के निर्देश

बलरामपुर 24 अगस्त। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कोड़री घाट पहुंचकर बाढ़ खंड द्वारा कराए जा रहे कटान रोधी एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया

जिला अधिकारी ने नदी के बाएं तट पर कटान की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा मौके पर चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों को देखा।

निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि कोड़री घाट पर राप्ती नदी के बाएं तट पर कटान की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कराया जा रहा है। विभाग द्वारा लगातार किए जा रहे कटान रोधी कार्यों के फलस्वरूप वर्तमान में कटान स्थिर है तथा कोड़री घाट तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।

कटान को नियंत्रित करने एवं तटबंध की सुरक्षा के लिए बाढ़ खंड द्वारा आवश्यकता के अनुरूप बम्बू क्रेट, पॉर्क्युपाइन, जियो सीट, ट्री स्पर, नायलॉन क्रेट एवं गेबियन क्रेट सहित विभिन्न सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं। नदी के प्रवाह एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए कटान रोधी कार्य लगातार जारी हैं।

अधिशाषी अभियंता बाढ़ खंड ने बताया कि कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए मौके पर 100 से अधिक श्रमिकों को लगाया गया है। इसके साथ ही कटान रोधी कार्यों में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा आकस्मिक आवश्यकता को देखते हुए सामग्री का पर्याप्त स्टॉक भी रखा गया है।

जिलाधिकारी ने मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि कटान प्रभावित एवं संवेदनशील स्थलों पर चौबीसों घंटे सतत निगरानी रखी जाए। नदी के जलस्तर एवं प्रवाह में किसी भी परिवर्तन की स्थिति में तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी विलंब के कार्य शुरू किया जा सके, इसके लिए मशीनरी की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखी जाए। साथ ही बम्बू क्रेट, जियो सीट, नायलॉन व गेबियन क्रेट सहित सभी आवश्यक सामग्री का पर्याप्त रिजर्व स्टॉक मौके पर उपलब्ध रहे।

जिलाधिकारी ने बाढ़ खंड के अधिकारियों को निर्देशित किया कि तटबंध की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा नदी के व्यवहार पर निरंतर नजर रखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती एवं कटान रोधी उपाय समय से सुनिश्चित किए जाएं।

इस दौरान अधिशाषी अभियंता बाढ़ खंड भरतराम,सहायक अभियंता बाढ़ खंड विजय सिंह ,अनिरुद्ध प्रताप,अंकित वर्मा,अनुज कुमार व आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह मौजूद रहें।