डीएम की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक सम्पन्न

डीएम की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक सम्पन्न

 

कुपोषण मुक्ति अभियान में तेजी लाने के निर्देश,सैम एवं मैम बच्चों के लिए विशेष बेबी शो होगा आयोजित

 

बलरामपुर 23 जून।जिलाधिकारी डॉ० विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में संचालित पोषण एवं सुपोषण कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कुपोषित बच्चों के चिन्हांकन, उपचार एवं पोषण सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वीएचएसएनडी (Village Health Sanitation and Nutrition Day) सत्रों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि बच्चों की नियमित लंबाई एवं वजन का मापन सुनिश्चित किया जाए,जिससे सैम (गंभीर कुपोषित) एवं मैम (मध्यम कुपोषित) बच्चों की समय से पहचान कर उन्हें सुपोषित बनाने की कार्यवाही प्रभावी ढंग से की जा सके।

जिलाधिकारी ने सहभागिता योजना के अंतर्गत सैम एवं मैम बच्चों के परिवारजनों को गौआश्रय स्थलों से दुधारू गाय उपलब्ध कराए जाने की प्रगति की समीक्षा की तथा इस योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए,ताकि बच्चों को पोषणयुक्त आहार उपलब्ध हो सके और उनका स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जो सैम एवं मैम बच्चे नियमित देखभाल एवं पोषण के माध्यम से सुपोषित हो चुके हैं, उनके लिए एक विशेष “बेबी शो” आयोजित किया जाएगा,जिससे परिवारों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

इसके साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को नियमित एवं समयबद्ध रूप से पोषाहार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी,जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त सीडीपीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।