पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित

 

बलरामपुर 19 मई। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बलरामपुर ने अवगत कराया है कि निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु “ओ” लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत जनपद के पात्र युवक एवं युवतियों को नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किए जाने हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु मान्यता प्राप्त संस्थाओं द्वारा विभागीय वेबसाइट backwardwelfareup.gov.in तथा obccomputertraining.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा। आवेदन से संबंधित आवश्यक अभिलेख एवं आधारभूत सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में अपलोड की जाएंगी।

प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार प्रशिक्षण संस्थाओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया दिनांक 20 मई 2026 से 03 जून 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके उपरांत संस्थाओं द्वारा किए गए ऑनलाइन आवेदन का अभिलेखीय एवं भौतिक सत्यापन जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय द्वारा किया जाएगा।

इसी क्रम में अभ्यर्थियों द्वारा कंप्यूटर प्रशिक्षण हेतु ऑनलाइन आवेदन एवं शैक्षिक अभिलेख अपलोड करने की प्रक्रिया 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को आवेदन की प्रति समस्त अभिलेखों सहित जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करनी होगी।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि चयनित प्रशिक्षणार्थियों का प्रशिक्षण कार्य 01 अगस्त 2026 से प्रारंभ कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत आवेदन करने हेतु अभ्यर्थी जनपद का निवासी, बेरोजगार एवं न्यूनतम इंटरमीडिएट (कक्षा-12) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने पात्र युवक एवं युवतियों से समयावधि के भीतर आवेदन करने की अपील की है।