जनपदीय बॉलीबॉल प्रतियोगिता के विजेताओं का डीएम ने किया उत्साहवर्धन
बलरामपुर 28जनवरी 2026।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा जनपद स्तर पर आयोजित बॉलीबॉल प्रतियोगिता के विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का कलेक्ट्रेट में उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया तथा उनके खेल कौशल की सराहना की।
खिलाड़ियों को नेशनल स्तर पर खेलने की दी शुभकामनाएं
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तीन आयु वर्गों में हुआ प्रतियोगिता का आयोजन
जनपद स्तर पर आयोजित इस बॉलीबॉल प्रतियोगिता में
14 वर्ष आयु वर्ग,16 वर्ष आयु वर्ग एवं 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने हेतु हर संभव सहयोग किया जाएगा, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवा खिलाड़ी बेहतर मंच प्राप्त कर सकें। उन्होंने खेल विभाग को निर्देश दिए कि उभरती प्रतिभाओं को प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी,खेल विभाग के पदाधिकारी,प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
