डीएम ने किया सीएचसी एवं विकास खंड उतरौला का निरीक्षण

डीएम ने किया सीएचसी एवं विकास खंड उतरौला का निरीक्षण

स्वास्थ्य केंद्र पर स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक,मरीजों की सुविधा हेतु नया वेटिंग एरिया बनाने के निर्देश

जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र,पेंशन आदि प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश

बलरामपुर 19 जनवरी 2026। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उतरौला एवं विकास खंड उतरौला का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीएचसी परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया,जो संतोषजनक पाई गई। उन्होंने अस्पताल आने वाले मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा हेतु नया वेटिंग एरिया विकसित किए जाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में जिलाधिकारी द्वारा ओपीडी,पैथोलॉजी कक्ष,क्षय रोग कक्ष,फार्मेसी,एंटी रेबीज वैक्सीन कक्ष,एक्स-रे कक्ष,टेली कंसल्टेंसी,आयुष्मान वार्ड,जन औषधि कक्ष,नेत्र विभाग आदि का भी अवलोकन किया गया।

इस दौरान उन्होंने मरीजों से वार्ता की एवं मिल रही चिकित्सा सुविधा का जायजा लिया।उन्होंने चिकित्सकों एवं स्टाफ को निर्देशित किया कि आमजन को समय पर,बेहतर एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

फार्मेसी निरीक्षण में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

फार्मेसी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डेली इंटेंड रजिस्टर, डेली रिपोर्टिंग रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमित रूप से इंटेंड प्रेषित करते हुए सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सीएचसी के बाहर स्थित मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया तथा निर्देश दिए कि सभी मेडिकल स्टोरों पर स्टॉक रजिस्टर सहित आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखे जाएँ।

विकास खंड कार्यालय में कार्यों की समीक्षा,समयबद्ध निस्तारण पर जोर

इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा विकास खंड उतरौला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों के कार्यों की समीक्षा की तथा कार्मिकों की सर्विस बुक,जीपीएफ आदि अभिलेखों के अद्यतन का अवलोकन किया।

उन्होंने जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र,पेंशन आवेदन सहित अन्य जनहित से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कल तहसील उतरौला में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विकास खंड परिसर स्थित आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण कर जनमानस को बेहतर सुविधा व सुचारु सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप जनसुविधाओं से जुड़े सभी कार्यालयों/संस्थानों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जनहित सर्वोपरि रखते हुए कार्य किया जाए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश रस्तोगी, समाधित प्रभारी चिकित्साधिकारी,खंड विकास अधिकारी मौजूद रहें।