चकबन्दी प्रक्रिया के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में ‘आयोजित होंगी ‘ग्राम चौपाल’,कृषकों की समस्याओं का होगा मौके पर निस्तारण
बलरामपुर 24 फरवरी। उत्तर प्रदेश शासन एवं चकबन्दी आयुक्त के निर्देशानुसार, जनपद में चकबन्दी प्रक्रिया के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों से सीधा संवाद करना, उनका फीडबैक प्राप्त करना और चकबन्दी से जुड़ी उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, विभिन्न तहसीलों के ग्रामों में उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में चौपालें लगाई जाएंगी।
आयोजन का विस्तृत विवरण
25 फरवरी, 2026: तहसील तुलसीपुर के ग्राम भौरीसाल में एडीएम वित्त एवं राजस्व /उपसंचालक चकबन्दी सुश्री ज्योति राय एवं बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी श्री राकेश कुमार जयन्त की उपस्थिति में चौपाल आयोजित होगी।
26 फरवरी, 2026: तहसील उतरौला के ग्राम सुरहियादेवर में चकबन्दी अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव किसानों की समस्याओं को सुनेंगे।
27 फरवरी, 2026: तहसील उतरौला के ही ग्राम पूरेपाण्डेयजोत में चकबन्दी अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव द्वारा चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित चौपालों में चकबन्दी अधिकारी, सहायक चकबन्दी अधिकारी, चकबन्दी कर्ता और चकबन्दी लेखपाल अपने समस्त सुसंगत अभिलेखों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संबंधित ग्रामों में पहले से ही व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अधिक से अधिक किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
