18 जनवरी को सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ करेंगे मतदाता सूची का वाचन

18 जनवरी को सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ करेंगे मतदाता सूची का वाचन

 

मतदेय स्थल पर 10:30 बजे से 04:30 बजे तक नागरिकों से उपस्थित रहने की अपील

दावे-आपत्तियों की अंतिम तिथि 06 फरवरी

बलरामपुर 17 जनवरी। डीएम /जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार जैन ने बताया है कि अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण–2026 कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 06.01.2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का जनपद के समस्त 1805 मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा दिनांक 18 जनवरी, 2026 (रविवार) को अपने-अपने संबंधित मतदेय स्थलों पर उपस्थित होकर पढ़कर सुनाया जाएगा।

उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 04:30 बजे के मध्य मतदाता सूची का वाचन किया जाएगा। जनपद के समस्त जनसामान्य/राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों/पदाधिकारियों/मतदाताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने-अपने संबंधित मतदेय स्थलों पर उपस्थित होकर मतदाता सूची के वाचन में सहभागिता करें।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि दिनांक 06.02.2026 तक निर्धारित है। जनपद के पात्र नागरिक जिनकी आयु दिनांक 01.01.2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो गई है तथा जिनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज करा सकते हैं।

इसके अतिरिक्त फॉर्म-7 (आपत्ति/विलोपन), फॉर्म-8 (शुद्धिकरण), फॉर्म-8 (स्थानांतरण/एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरण हेतु) निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित मतदेय स्थल/मतदाता पंजीकरण केन्द्र/तहसील/जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। यह आवेदन ECINET Mobile App एवं वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समस्त राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि समस्त अर्ह नागरिक मतदाता सूची में पंजीकृत हो जाए तथा कोई भी अनर्ह मतदाता का नाम मतदाता सूची में विद्यमान न रहे।