स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत ओडीएफ प्लस ग्रामों की स्थिरता हेतु विशेष अभियान प्रारम्भ

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत ओडीएफ प्लस ग्रामों की स्थिरता हेतु विशेष अभियान प्रारम्भ

 

ग्राम पंचायतों में स्वच्छ व्यवहार एवं शौचालय उपयोग के लिए जनजागरूकता गतिविधियां होंगी संचालित

 

 

बलरामपुर 12 फ़रवरी। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत जनपद के ओडीएफ प्लस घोषित ग्रामों में स्वच्छता की स्थायित्व (Sustainability) बनाए रखने एवं ग्रामीण समुदाय में स्वच्छ व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष सामुदायिक अभियान संचालित किया जाएगा।

इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय द्वारा विस्तृत कार्ययोजना जारी करते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर सामूहिक व्यवहार परिवर्तन गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के अंतर्गत समुदाय को ट्रिगरिंग, प्री-ट्रिगरिंग गतिविधियां, ग्राम स्तर पर निगरानी तंत्र का सुदृढ़ीकरण, खुले में शौच मुक्त स्थिति बनाए रखने हेतु ग्राम स्तरीय एक्शन प्लान तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के नियमित उपयोग को सुनिश्चित कराया जाएगा।

साथ ही ग्रामवासियों को व्यक्तिगत स्वच्छता एवं ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अभियान के तहत दिनांक 18 फरवरी 2026 से 18 मार्च 2026 तक प्रातः 05:00 बजे से ग्राम पंचायतों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें ग्राम प्रधान, सचिव, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वच्छता कर्मियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

जनपद प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान स्वच्छता गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए ग्रामीणों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि स्वच्छता व्यवहार स्थायी रूप से स्थापित हो सके और गांवों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।