पुलिस अधीक्षक बलरामपुर द्वारा संभावित दुर्घटना स्थलों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु “क्रिटिकल कॉरिडोर टीम” का गठन किया गया

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर द्वारा संभावित दुर्घटना स्थलों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु “क्रिटिकल कॉरिडोर टीम” का गठन किया गया

सड़क दुर्घटनाओं की रोंकथान तथा त्वरित कार्यवाही के दृष्टिगत “क्रिटिकल कॉरिडोर टीम” को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

बलरामपुर 01 फरवरी। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देशन में,अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे एवं क्षेत्राधिकारी यातायात डी.के. श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में- प्रभारी यातायात  उमेश सिंह मय टीम द्वारा जनपद बलरामपुर के थाना कोतवाली नगर,कोतवाली देहात,गौरा चौराहा,तुलसीपुर, पचपेड़वा,उतरौला,श्रीदत्तगंज एवं गैंडास बुजुर्ग थाना क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से सर्वाधिक संवेदनशील (हॉटस्पॉट) स्थलों को चिन्हित किया गया।

उक्त चिन्हित सभी दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी नियंत्रण एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु “क्रिटिकल कॉरिडोर टीम” का गठन किया गया है।

इस क्रम में आज दिनांक 01/02/2026 को पुलिस लाइन बलरामपुर में क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से आधुनिक उपकरणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें स्पीड राडार, बॉडी वॉर्न कैमरा, ब्रेथ एनालाइजर, डेसिबल मीटर सहित अन्य आवश्यक तकनीकी उपकरण सम्मिलित रहे। इन उपकरणों के माध्यम से तेज गति, नशे की हालत में वाहन चलाने, ध्वनि प्रदूषण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान महोदय द्वारा संबंधित सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण को यातायात जागरूकता के संबंध में विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है, जिससे वे जनपदवासियों को यातायात नियमों का पालन कराने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने हेतु प्रेरित करने तथा हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग सुनिश्चित करा सकें। ताकि जनसहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकता है।

जनपद पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।